Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत टिहरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चंडीगढ़ से पर्यटन क्षेत्र में खपाने के लिए लाई जा रही 10 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त सेंट्रो कार को भी सीज कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे द्वारा जनपद के सभी थाना प्रभारियों को नशा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के क्रम में 27 जून 2026 को एसएसपी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली नरेंद्रनगर की प्लासडा चौकी पुलिस सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध सेंट्रो कार संख्या यूके 07 जेड 4683 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की तलाशी के दौरान बाहरी राज्य चंडीगढ़ मार्का की 10 पेटी अवैध इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की बरामद हुई जिसमें 36 बोतलें एवं 336 पव्वे शामिल थे। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि वे यह अवैध शराब चंडीगढ़ से लाकर टिहरी जनपद के पर्यटन क्षेत्रों में खपाने की योजना बना रहे थे। इस संबंध में कोतवाली नरेंद्रनगर में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों में शोएब पुत्र यामीन निवासी तिरुपति एनक्लेव ग्राम सलेमपुर महदूद थाना रानीपुर जनपद हरिद्वार तथा अनिल कुमार पुत्र स्वर्गीय श्यामलाल निवासी लक्खीबाग कोतवाली देहरादून शामिल हैं। बरामदगी में 10 पेटी चंडीगढ़ मार्का इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की कुल 36 बोतलें 336 पव्वे तथा तस्करी में प्रयुक्त सेंट्रो कार शामिल है। एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि जनपद टिहरी गढ़वाल को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसे तत्वों के विरुद्ध पूरी सख्ती और प्रतिबद्धता के साथ अभियान जारी रहेगा। पुलिस टीम उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह नेगी हेड कांस्टेबल संजय रावत कांस्टेबल अनिल सैनी एवं कांस्टेबल कर्ण सिंह।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp