Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी पुलिस की तत्परता और सक्रियता से दिल्ली से आई एक महिला पर्यटक का गुम हुआ पर्स सकुशल बरामद कर उसे वापस सौंप दिया गया। पर्स में करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सोने के कुंडल और 7,600 रुपये की नकदी सुरक्षित मिलने पर महिला और उसके परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। 27 जून 2026 को दिल्ली निवासी सीमा देवी अपने पुत्र और पुत्री के साथ ऋषिकेश भ्रमण पर आई थीं। परमार्थ निकेतन घाट पर गंगा स्नान के दौरान उनका एक छोटा पर्स कहीं गुम हो गया। पर्स में एक जोड़ी सोने के कुंडल जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये थी तथा 7,600 रुपये नकद रखे हुए थे। कीमती सामान गुम होने से परेशान सीमा देवी ने रामझूला चौकी पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल सुवर्धन हेड कांस्टेबल बलवीर सिंह और पीआरडी जवान विमल बिष्ट ने तत्काल खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र में लगातार तलाश और आवश्यक प्रयास किए जिसके परिणामस्वरूप महिला का गुम हुआ पर्स उसमें रखे सोने के कुंडलों और नकदी सहित सकुशल बरामद कर उन्हें वापस सौंप दिया गया। अपना खोया हुआ पर्स और कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर सीमा देवी और उनके परिजनों ने पौड़ी पुलिस की त्वरित कार्रवाई ईमानदारी और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp