Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। तीर्थ नगरी हरिद्वार को स्वच्छ सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व एवं निर्देशन में जनपद में लगातार स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को राम घाट एवं कश्यप घाट क्षेत्र में व्यापक स्तर पर विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में आपदा प्रबंधन विभाग आदर्श सेवा समिति नगर निगम डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स तथा गंगा सभा के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। अभियान के दौरान घाटों पर फैले कूड़ा-कचरे को एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण कराने के लिए नगर निगम को उपलब्ध कराया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि हरिद्वार में गंगा स्नान और चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी राम घाट एवं कश्यप घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान जारी रहेगा। उन्होंने हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की कि तीर्थ नगरी की स्वच्छता बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें। सार्वजनिक स्थलों या खुले स्थानों पर कूड़ा-कचरा न फेंकें तथा नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा स्थापित कूड़ेदानों का ही उपयोग करें। अभियान के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए गंगा घाटों को साफ-सुथरा रखने का संदेश भी दिया गया। जिला प्रशासन ने कहा कि जनसहभागिता से ही हरिद्वार को स्वच्छ सुंदर और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp