Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जनपद रुद्रप्रयाग में रविवार को शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया। जनपद में निर्धारित 23,014 बच्चों के लक्ष्य के सापेक्ष 19,102 बच्चों यानी 83 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। जो बच्चे किसी कारणवश टीकाकरण से वंचित रह गए हैं उन्हें 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी। जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.राम प्रकाश ने एक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने पोलियो उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य कर्मियों से पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा अभिभावकों से अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त समाज बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक दवा पहुंचाना आवश्यक है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जनपद को अगस्त्यमुनि रुद्रप्रयाग जखोली और ऊखीमठ चार सेक्टरों में विभाजित किया गया। इन क्षेत्रों में 298 पोलियो बूथ तथा तीन ट्रांजिट बूथ सहित कुल 301 बूथ स्थापित किए गए जहां शून्य से पांच वर्ष तक के 23,014 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। अभियान के पहले दिन 19,102 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। उन्होंने बताया कि जिन बच्चों को रविवार को किसी कारणवश पोलियो की दवा नहीं मिल सकी उनके लिए 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर विशेष अभियान चलाएंगी ताकि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.एस.के.द्विवेदी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.सीमा टेकचंदानी वैक्सीनेटर सुमन जुगराण सिमरन डीसी आईईसी हरेंद्र सिंह नेगी डीईओ यशवंत सिंह कोल्ड चेन तकनीशियन जयवीर सिंह राजेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp