Spread the love

प्रदीप कुमार
लक्सर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली लक्सर पुलिस ने बंद मकान में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पानी की मोटर और लोहे की सरिया बरामद की गई है। दिनांक 28 जून 2026 को वादी चन्द्रशेखर पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी ढाढेकी ढाणा मजाहिदपुर थाना लक्सर ने कोतवाली लक्सर में सूचना दी कि 27 जून 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान का ताला तोड़कर पानी की मोटर एवं अन्य सामान चोरी कर लिया है। तहरीर के आधार पर कोतवाली लक्सर में मुकदमा संबंधित धाराओं में दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक लक्सर के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीम ने मैनुअल एवं डिजिटल पुलिसिंग के समन्वय तकनीकी साक्ष्यों सुरागरसी और क्षेत्र में सक्रिय जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए 28 जून 2026 को दो आरोपियों को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर घटना का सफल खुलासा किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों आपस में मित्र हैं तथा पहले भी जेल जा चुके हैं। दोनों नशे के आदी हैं और अपनी निजी आवश्यकताओं तथा नशे की पूर्ति के लिए दिन में बंद मकानों की रेकी कर रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलीम पुत्र अशरफ निवासी वार्ड संख्या-8 राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने लक्सर जनपद हरिद्वार उम्र 22 वर्ष तथा दीपक पुत्र शेर सिंह निवासी वार्ड संख्या-1 लक्सर जनपद हरिद्वार उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पानी की मोटर तथा लोहे की सरिया के टुकड़े बरामद किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी उपनिरीक्षक नितिन चौहान उपनिरीक्षक विपिन कुमार हेड कांस्टेबल शमशेर खां कांस्टेबल अनिल वर्मा एवं होमगार्ड प्रदीप कुमार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp