Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस में तैनात अपर उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) अशोक कुमार के ऐच्छिक सेवानिवृत्त होने पर मंगलवार को पुलिस कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में सम्मानपूर्वक विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर/लाइन सुरेन्द्र प्रसाद बलूनी सहित अन्य अधिकारियों ने अशोक कुमार को पुष्पमाला पहनाकर स्मृति चिन्ह भेंट किए और पुलिस विभाग में उनके लंबे एवं सराहनीय योगदान की प्रशंसा की। विदाई समारोह के बाद आयोजित जलपान कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी उनके परिजनों तथा उपस्थित अधिकारियों ने सेवा काल की यादगार घटनाओं और अनुभवों को साझा किया। भावुक माहौल के बीच सभी ने उनके साथ बिताए वर्षों को याद करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी। अशोक कुमार ने 15 दिसंबर 1991 को पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर सेवा शुरू की थी। सेवा के दौरान उन्हें 25 नवंबर 2022 तथा 22 फरवरी 2023 को अपर उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) के पद पर पदोन्नति मिली। वह मूल रूप से जनपद देहरादून के निवासी हैं। करीब 34 वर्ष 7 माह की पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल जनपदों में अपनी सेवाएं दीं। उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें समय-समय पर उच्च अधिकारियों द्वारा सम्मानित और पुरस्कृत भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp