Spread the love

प्रदीप कुमार
श्यामपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस ने देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाले नकली नोट छापने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 50 हजार रुपये के छपे नकली नोट चार असली 500 रुपये के नोट लैपटॉप दो प्रिंटर मोबाइल फोन तथा नकली नोट तैयार करने में प्रयुक्त अन्य उपकरण बरामद किए हैं। दो दिन पहले इसी मामले में 52,500 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए थे। अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की। 27 जून 2026 को पुलिस ने 52,500 रुपये के नकली नोटों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मामले की गहन जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले जिनके आधार पर आगे कार्रवाई की गई। 29 जून 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग क्विड कार संख्या UK-08BG-6798 में नकली नोट छापने के उपकरण और छपे हुए नकली नोटों को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से बड़ापुर बिजनौर की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम ने लालढांग तिराहे के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकली नोट बनाने में प्रयुक्त उपकरण और बड़ी मात्रा में जाली मुद्रा बरामद की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500 रुपये के चार असली नोट 25 पेपर शीट जिन पर लगभग 50 हजार रुपये के नकली नोट छपे हुए थे और जिनकी कटिंग बाकी थी एक लैपटॉप एचपी कंपनी का एक प्रिंटर केनन कंपनी का एक प्रिंटर तथा अन्य सामग्री बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गुलजार ऑनलाइन नकली नोट छापने वाला विशेष पेपर मंगाता था। शगुन असली नोट की फोटो लेकर सॉफ्टवेयर और एप की मदद से उसकी गुणवत्ता बढ़ाता था ताकि प्रिंट बिल्कुल असली जैसा दिखाई दे। देवेन्द्र ने बताया कि इससे पहले वह और गुलजार बड़ापुर बिजनौर में करीब एक लाख रुपये के नकली नोट छाप चुके थे। इनमें से कुछ नोट खराब हो गए थे जबकि लगभग 60 हजार रुपये के नकली नोट बाजार में चला दिए गए थे। इसके बाद अधिक लाभ कमाने के लालच में देवेन्द्र और गुलजार ने देवेन्द्र के जीजा शिवम तथा नोटों की गुणवत्ता सुधारने के लिए शगुन जोशी को भी अपने गिरोह में शामिल कर लिया। चारों आरोपी मिलकर नकली नोट तैयार कर देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का संगठित अपराध कर रहे थे। हरिद्वार पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसकी जड़ पर प्रहार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इसी मामले में दो दिन पूर्व भी पुलिस 52,500 रुपये के नकली नोट बरामद कर चुकी है। बरामदगी एक लैपटॉप व चार्जर एचपी कंपनी का एक प्रिंटर केनन कंपनी का एक प्रिंटर पांच मोबाइल फोन 500 रुपये के चार असली नोट 500 रुपये के नकली नोटों से छपी 25 शीट तथा एक वॉटरमार्क शीट जिनकी कुल कीमत लगभग 52 हजार रुपये है। गिरफ्तार आरोपी देवेन्द्र कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी सरदारपुर छामली थाना बड़ापुर जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश। गुलजार अहमद पुत्र अब्दुल हमीद निवासी टांडा सिक्कावाला थाना बड़ापुर जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश। शगुन जोशी पुत्र पवन जोशी निवासी लालढांग थाना श्यामपुर जनपद हरिद्वार। पुलिस टीम पुलिस उपाधीक्षक प्रशिक्षु एवं प्रभारी कोतवाली श्यामपुर अवनी तिवारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज रावत उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी लालढांग मोहन कठैत कांस्टेबल राहुल देव कांस्टेबल सुदेश खरोला तथा कांस्टेबल सुशील चौहान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp