प्रदीप कुमार
पथरी-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने थाना पथरी क्षेत्र के ग्राम बोड़ाहेड़ी में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए मारपीट और विवाद में शामिल नौ लोगों को बीएनएसएस के तहत हिरासत में लिया। गांव में दो पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से निगरानी भी की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना पथरी पुलिस ने हाल ही में बोड़ाहेड़ी गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और झगड़े की घटना के बाद कार्रवाई की। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए थे। घटना के दौरान दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर मकानों की छतों से पथराव भी किया गया था। 30 जून 2026 को थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ड्रोन कैमरे के साथ गांव पहुंची। ड्रोन के माध्यम से उन मकानों की निगरानी की गई जिनकी छतों पर ईंट-पत्थर रखे हुए थे। पुलिस ने संबंधित लोगों को तत्काल छतों से ईंट-पत्थर हटाने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि भविष्य में छतों पर अनावश्यक रूप से ईंट-पत्थर रखने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसी दौरान गांव में दोनों पक्षों के लोग आपस में बयानबाजी और झगड़ा करते मिले। पुलिस ने दोनों पक्षों को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। किसी भी गंभीर घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने गुलजार पक्ष और असगर पक्ष के कुल नौ लोगों को बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर कार्रवाई की। हिरासत में लिए गए लोग प्रथम पक्ष गुलजार पुत्र अकबर मुजमिल पुत्र अकबर निवासी ग्राम बोड़ाहेड़ी थाना पथरी। द्वितीय पक्ष असगर पुत्र कासिम सुभान पुत्र नूरा अफसान पुत्र इलियास रहीश पुत्र कासिम फरमान पुत्र यामीन नदीम पुत्र कामिल तथा अकबर पुत्र कासिम सभी निवासी ग्राम बोड़ाहेड़ी थाना पथरी जनपद हरिद्वार। पुलिस टीम थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार वरिष्ठ उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह उपनिरीक्षक बबलू चौहान उपनिरीक्षक महेंद्र पुंडीर कांस्टेबल राकेश नेगी कांस्टेबल नारायण कांस्टेबल जितेंद्र पुंडीर तथा कांस्टेबल रविंद्र।
