प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद भ्रमण पर पहुंचे प्रभारी सचिव वीके संत ने बुधवार को विकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों एवं पटलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयों में आने वाले आमजन की समस्याओं एवं कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने बाल विकास विभाग में कर्मचारियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति की जानकारी ली तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद की कोई भी गर्भवती एवं धात्री महिला पंजीकरण से वंचित न रहे तथा सभी पात्र महिलाओं को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने मातृ एवं शिशु कल्याण से जुड़ी योजनाओं की नियमित निगरानी करने और लाभार्थियों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के निर्देश भी दिए। समाज कल्याण विभाग के निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने वृद्धावस्था विधवा एवं दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न पेंशन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन योजना से वंचित न रहे तथा सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही उन्होंने सभी पेंशन योजनाओं से संबंधित अद्यतन आंकड़े उपलब्ध रखने तथा कार्यालय में अभिलेखों एवं पत्रावलियों का सुव्यवस्थित एवं व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रभारी सचिव ने कहा कि कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता जवाबदेही एवं समयबद्ध कार्य संस्कृति अपनाते हुए जनहित से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार परियोजना निदेशक डीआरडीए नलिनीत घिल्डियाल संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
