Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर विकासखंड स्थित मालाग्राम पहुंचे जहां उन्होंने सघन पौधरोपण कार्यक्रम में प्रतिभाग कर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का विस्तृत भ्रमण कर वहां संरक्षित दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों अनुसंधान गतिविधियों तथा आयुर्वेद आधारित नवाचारों का अवलोकन किया। उन्होंने परिसर स्थित ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता हिमालयी औषधीय वनस्पतियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण संवर्धन और वैज्ञानिक शोध को बढ़ावा देना वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में किए जा रहे प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देंगे बल्कि औषधीय पौधों के संरक्षण आयुर्वेद आधारित अनुसंधान हर्बल पर्यटन और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार एवं आजीविका के नए अवसर भी उपलब्ध कराएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। हरेला जैसे पर्व हमें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराते हैं और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने लोगों से पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ में संरक्षित विभिन्न दुर्लभ औषधीय पौधों जड़ी-बूटियों तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने यहां चल रहे शोध एवं नवाचार कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र उत्तराखंड की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ देश का अपनी तरह का एक अनूठा हर्बल पार्क है जहां देश के विभिन्न राज्यों एवं हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों और औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण एवं संवर्धन किया जा रहा है। यह केंद्र भविष्य में आयुर्वेद औषधीय अनुसंधान और हर्बल पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव आचार्य बालकृष्ण राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *