Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना लम्बगांव पुलिस ने जनपदीय सीआईयू टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाकर चोरी की एक वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार चोरी की घटना सामने आने के बाद पुलिस टीम ने तत्परता से जांच शुरू करते हुए सुरागरसी साक्ष्य संकलन तथा तकनीकी जानकारी के आधार पर कार्रवाई की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 15 जुलाई को मामले का सफल अनावरण करते हुए दोनों आरोपियों को थाना लम्बगांव क्षेत्र के कोडार तिराहे से पहले मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान धर्मवीर पुत्र वीरु स्थायी निवासी राजेश विहार कॉलोनी तीरथ नगर यमुनानगर (हरियाणा) हाल निवासी एमआईसी रोड पौड़ी गढ़वाल तथा अजय कुमार पुत्र धन्ना सिंह निवासी जनता नगर भटिंडा (पंजाब) के रूप में हुई है। अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किए गए सात नोज पिन तीन जोड़ी पायजेब तथा छह जोड़ी बिछुए बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार अपर उपनिरीक्षक आनन्द सिंह रावत कांस्टेबल अमजद खान कांस्टेबल सचिन तथा जनपदीय सीआईयू टीम शामिल रही। टिहरी पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद में चोरी मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। आमजन की सुरक्षा अपराधों पर प्रभावी अंकुश तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखना टिहरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp