Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा सुशासन एवं समर्पण कार्यक्रम के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में जुलाई माह का दूसरा तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर शुरू हो गया है। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर के पहले दिन 54 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। यह शिविर 21 जुलाई तक संचालित होगा। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में रविवार को आयोजित विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में विभिन्न रोगों से संबंधित मरीजों की जांच की गई। शिविर में बाल रोग विभाग के 11 अस्थि रोग विभाग के 9 सर्जरी विभाग के 6 तथा मेडिसिन विभाग के 28 मरीजों का परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाइयां भी वितरित कीं। शिविर के दौरान स्वास्थ्य जांच के साथ अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। कुल 36 मरीजों के एक्स-रे किए गए जबकि 35 लोगों की पैथोलॉजी जांच की गई। इसके अलावा सात लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा 17 लोगों की आभा आईडी भी तैयार की गई जिससे उन्हें भविष्य में स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.राम प्रकाश ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि 21 जुलाई तक चलने वाले इस विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का अधिक से अधिक लोग लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं जिससे उन्हें उपचार के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। शिविर में राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ.अशोक कुमार शर्मा डॉ.कमल कांत डॉ.गीतांशु कपूर और डॉ.सुखजीत अरोड़ा सहित अन्य चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी से क्षेत्र के मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *