प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। सामाजिक संस्था भागीरथी कला संगम के सदस्यों ने रविवार को आयोजित होने वाले अपने नियमित स्वच्छता अभियान के तहत गंगा दर्शन पार्क स्थित राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में साफ-सफाई की। अभियान के दौरान सदस्यों ने हरेला पर्व के अवसर पर 16 जुलाई को लगाए गए पौधों की देखभाल करते हुए उनमें पानी भी डाला और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। समिति के सदस्यों ने पौधों की देखरेख के लिए विशेष पहल करते हुए अपने घरों से पानी के डिब्बे और बोतलों में पानी भरकर लाया ताकि हाल ही में लगाए गए पौधों को पर्याप्त पानी मिल सके। अभियान के दौरान मंदिर परिसर की सफाई के साथ पौधों की सुरक्षा और संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया गया। समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल ने बताया कि उन्होंने अपनी मां की स्मृति में एक आम का पौधा लगाया है। पौधे की सुरक्षा के लिए उसके चारों ओर लोहे के तार का सुरक्षा घेरा भी लगाया गया। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है बल्कि पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। जब तक पौधों की जड़ें मजबूत नहीं हो जातीं तब तक उन्हें नियमित रूप से पानी देना और उनकी सुरक्षा करना आवश्यक है। तभी पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य सफल हो सकेगा। उन्होंने कहा कि हरेला जैसे पर्व हमें प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराते हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प ले तो हरित वातावरण का सपना आसानी से साकार किया जा सकता है। स्वच्छता एवं पौधों की देखभाल अभियान में समिति के रमेश चंद्र थपलियाल दीनबंधु सिंह चौहान अवधेश मणिलाल मदन गडोई पदविंदर रावत राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल यमुना प्रसाद काला राजेंद्र सिंह रावत हरिंदर तोमर रवि पुरी धर्मेंद्र सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
