Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जारी किए गए रेड अलर्ट के मद्देनजर जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए सोमवार 20 जुलाई को आयोजित होने वाला साप्ताहिक जनता मिलन एवं जन सुनवाई कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार 20 जुलाई को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होने वाला साप्ताहिक जनता मिलन एवं जन सुनवाई कार्यक्रम अगले आदेश तक स्थगित रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय मौसम विभाग की गंभीर चेतावनी और संभावित भारी वर्षा के मद्देनजर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्रा करने से बचने नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति उत्पन्न होने पर नागरिक तत्काल जिला आपदा प्रबंधन तंत्र अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दें ताकि समय पर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके। जिला प्रशासन ने बताया कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जनहित में आवश्यकतानुसार आगे भी उचित निर्णय लिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp