Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड की महिलाओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से अभद्र अश्लील और अपमानजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने कड़ा विरोध जताया है। महिला मोर्चा के पदाधिकारियों ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। महिला मोर्चा का कहना है कि महिलाओं की गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिला मोर्चा की ओर से थाना प्रभारी को दिए गए शिकायत पत्र में कहा गया है कि फेसबुक पर ‘पहाड़ी प्रेमी राजेन्द्र उत्तराखण्डी’ नाम से संचालित एक अकाउंट के माध्यम से उत्तराखंड की मातृशक्ति और महिलाओं के प्रति अत्यंत आपत्तिजनक अश्लील और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया है। संगठन का आरोप है कि इस तरह की पोस्ट न केवल महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाती हैं बल्कि समाज में वैमनस्य तनाव और महिलाओं के प्रति गलत संदेश फैलाने का भी प्रयास करती हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट से सार्वजनिक रूप से यह जानकारी साझा की गई थी कि संबंधित व्यक्ति अगले दिन सुबह इंडिगो की फ्लाइट से देहरादून पहुंचने वाला है। महिला मोर्चा ने पुलिस से इस जानकारी की सत्यता की जांच करने तथा आवश्यक सतर्कता बरतते हुए समय रहते उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। महिला मोर्चा ने पुलिस से मांग की कि संबंधित फेसबुक अकाउंट और उस पर प्रसारित की गई आपत्तिजनक सामग्री की तत्काल साइबर जांच कराई जाए। साथ ही संबंधित व्यक्ति की वास्तविक पहचान स्थापित कर उसके खिलाफ नियमानुसार मुकदमा दर्ज किया जाए। यदि जांच में महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने अथवा अन्य किसी दंडनीय अपराध की पुष्टि होती है तो दोषी के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का माध्यम है लेकिन इसका उपयोग किसी व्यक्ति समाज या महिलाओं की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के लिए नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान के खिलाफ की जाने वाली किसी भी अभद्र टिप्पणी को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई आवश्यक है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस दौरान महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष ललिता नेगी नगर निगम पार्षद मीना असवाल शांति भट्ट रेखा रावत आशा फरासी मधु काला मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल जिला महामंत्री गणेश भट्ट मंडल महामंत्री शुभम प्रभाकर पूर्व व्यापार सभा अध्यक्ष दिनेश असवाल आशीष उनियाल तथा प्रकाश सती सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp