प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में आर्थिक अपराधों और धोखाधड़ी के मामलों में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बहु साधन सहकारी समिति लिमिटेड देवप्रयाग में करीब 19 लाख रुपये के गबन के मामले में वांछित पूर्व सचिव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सहायक विकास अधिकारी विकासखंड कोट द्वारा 19 मार्च 2026 को थाना देवप्रयाग में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बहु साधन सहकारी समिति लिमिटेड देवप्रयाग के तत्कालीन सचिव शैलेंद्र गैरोला ने अपने पद पर रहते हुए समिति के धन का गबन कर वित्तीय अनियमितता की है। शिकायत के आधार पर थाना देवप्रयाग में विश्वासघात और गबन से संबंधित प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने तत्काल निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच के निर्देश देते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित करने के निर्देश दिए। पुलिस उपाधीक्षक श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष देवप्रयाग अमरजीत सिंह रावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बचने के लिए विभिन्न स्थानों पर छिपता रहा। पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आरोपी की संभावित गतिविधियों का पता लगाने के लिए विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का भी गहन परीक्षण किया। लगातार प्रयासों और सटीक सूचना संकलन के आधार पर पुलिस ने बुधवार को वांछित आरोपी शैलेंद्र गैरोला निवासी बड़ीयारगढ़ कीर्तिनगर हाल निवासी श्रीनगर को श्रीनगर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने सहकारी समिति में लगभग 19 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता और गबन करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी शैलेंद्र गैरोला (32 वर्ष) पुत्र सतीश चंद्र निवासी बड़ीयारगढ़ कीर्तिनगर जनपद टिहरी गढ़वाल हाल निवासी श्रीनगर। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम उपनिरीक्षक राकेश चौधरी हेड कांस्टेबल बुद्धि बल्लभ हेड कांस्टेबल हरीश जमलोकी हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह
