प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (डीसीएचबी) के प्रकाशन संबंधी कार्यों के लिए आयोजित चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न तहसीलों और नगर पंचायतों के चार्ज अधिकारियों सहित सहयोगी कार्मिकों को जिला जनगणना हस्त पुस्तिका तैयार करने से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। अब दूसरे चरण में जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (डिस्ट्रिक्ट सेंसस हैंडबुक) के प्रकाशन से संबंधित कार्यों के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न तहसीलों एवं नगर पंचायतों के चार्ज अधिकारियों और सहयोगी कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है ताकि कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की कठिनाई न आए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को टीम भावना एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य को समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण और त्रुटिरहित ढंग से पूरा किया जाना आवश्यक है। प्रशिक्षण के दूसरे दिन तहसील कीर्तिनगर घनसाली और बालगंगा तथा नगर पंचायत घनसाली चमियाला और कीर्तिनगर के चार्ज अधिकारियों क्षेत्रीय अधिकारियों एवं राजस्व उपनिरीक्षकों को जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के संकलन की कार्यप्रणाली ग्राम एवं नगर स्तर पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं के अद्यतन अभिलेखीकरण संबंधित प्रपत्रों और आंकड़ों के सत्यापन सहित अन्य प्रक्रियात्मक एवं तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना निदेशालय उत्तराखंड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला जनगणना हस्त पुस्तिका से जुड़े कार्यों का समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण और त्रुटिरहित निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक जानकारी और दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय उत्तराखंड के नामित मास्टर ट्रेनर पंकज सिंह और नीरज कुमार प्रशासनिक अधिकारी केशव गैरोला जिला कार्यालय के कार्मिक तथा प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।
