Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा बेस अस्पताल श्रीनगर में लंबे समय से चली आ रही पार्किंग की समस्या अब जल्द समाप्त होने जा रही है। अस्पताल परिसर में 2 करोड़ 15 लाख 46 हजार रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। शासन द्वारा इस परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी पेयजल निगम श्रीनगर को सौंपी गई है। निर्माण कार्य को जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अस्पताल के सेंट्रल लैब के पीछे स्थित खाली भूमि पर बनने वाली इस बहुमंजिला पार्किंग से पूरे गढ़वाल मंडल से उपचार के लिए आने वाले मरीजों उनके तीमारदारों चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण अस्पताल परिसर में वाहनों का दबाव बना रहता है जिससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नई पार्किंग बनने के बाद अस्पताल के ओपीडी परिसर को भी वाहनों से मुक्त रखा जा सकेगा जिससे मरीजों और एंबुलेंस की आवाजाही अधिक सुगम होगी। साथ ही अस्पताल परिसर अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित नजर आएगा। पार्किंग के संचालन के लिए आवश्यक नियम एवं व्यवस्था भी तय की जाएगी ताकि सभी को सुव्यवस्थित सुविधा मिल सके। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने कहा कि बेस अस्पताल में वर्षों से पार्किंग की गंभीर समस्या बनी हुई थी जिससे मरीजों उनके परिजनों चिकित्सकों और कर्मचारियों को लगातार असुविधा का सामना करना पड़ता था। बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण इस समस्या का स्थायी समाधान साबित होगा। डॉ.सयाना ने निर्माण कार्य कर रही एजेंसी को निर्देश दिए कि परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में पर्याप्त संख्या में श्रमिक लगाए जाएं क्योंकि कम श्रमिकों से कार्य की गति संतोषजनक नहीं रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और समयबद्ध रूप से इसे पूरा कराया जाएगा। पेयजल निगम के एई इरशाद हसन एंव जेई नितिन नेगी ने बताया कि उक्त स्थान पर पार्किंग बनने से 20 से अधिक फोर व्हीलर तथा 65 दुपहिया वाहन पार्क हो पायेंगे। निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *