प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत वारंटियों की गिरफ्तारी का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली नई टिहरी पुलिस ने न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट की तामील करते हुए एक वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी टिहरी के पर्यवेक्षण में कोतवाली नई टिहरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विवेक भद्री पुत्र पुरुषोत्तम दत्त निवासी ग्राम कठुली पोस्ट मदन नेगी चौकी पीपलडाली कोतवाली नई टिहरी को उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नई टिहरी की अदालत द्वारा परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 से संबंधित मामले में गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पुलिस टीम ने 23 जुलाई को आरोपी को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार कर नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। टिहरी पुलिस ने कहा कि न्यायालयों से जारी आदेशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना और कानून व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से ऑपरेशन प्रहार के तहत वारंटियों और अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम उप निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह नेगी मुख्य आरक्षी आशीष सैनी आरक्षी गिरीश टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने या डायल 112 पर दें। पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
