प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मुनिकीरेती पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक गुमशुदा महिला और उसकी दो वर्षीय पुत्री को उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिवार में खुशी लौट आई। पुलिस के अनुसार तपोवन निवासी एक महिला 15 जुलाई को अपनी दो वर्षीय पुत्री के साथ दवा लेने की बात कहकर घर से निकली थीं लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद 21 जुलाई को मुनिकीरेती थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस का सहारा लेते हुए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। इसके साथ ही लगातार पतारसी और सुरागरसी करते हुए संभावित स्थानों पर जांच जारी रखी गई। पुलिस टीम के लगातार प्रयास रंग लाए और महिला तथा उसकी दो वर्षीय पुत्री को उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के बरसाना थाना क्षेत्र के ग्राम रेहड़ा से सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद महिला और मासूम बच्ची को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने टिहरी पुलिस की त्वरित संवेदनशील और पेशेवर कार्यशैली की सराहना करते हुए पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में शामिल रहे उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह तोमर मुख्य आरक्षी भीम दत्त शर्मा महिला आरक्षी आशा रावत टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति गुम हो जाए तो बिना देरी किए निकटतम पुलिस थाने या डायल 112 पर सूचना दें। समय पर मिली सूचना से पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने और गुमशुदा व्यक्तियों की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है। पुलिस ने कहा कि जनपद टिहरी पुलिस आमजन की सुरक्षा और सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
