Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जनपद में निर्माणाधीन पुलों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्रिज एंड रूफ कंपनी लिमिटेड के अधिकारियों ने विभिन्न पुलों के निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने सभी निर्माणाधीन पुलों और एप्रोच रोड का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कर एंड टू एंड कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जनपद में प्रस्तावित कुल 56 पुलों में से 45 पुलों का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। इनमें 39 पुल एप्रोच रोड सहित पूरी तरह संचालित हैं जबकि छह पुलों पर एप्रोच रोड का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा 11 पुलों का निर्माण कार्य अभी जारी है। समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि बकरिया बैंड-छिमटा मोटर मार्ग के किलोमीटर एक पर 36 मीटर स्पान स्टील गर्डर पुल जंगलचट्टी-सिराना मोटर मार्ग के किलोमीटर एक पर 36 मीटर स्पान स्टील गर्डर पुल नंदकेसरी-ग्वालदम मोटर मार्ग के किलोमीटर आठ से देवसारी मार्ग के किलोमीटर पांच पर 30 मीटर स्पान स्टील गर्डर पुल तथा देवाल-खेता मोटर मार्ग के किलोमीटर 10 से मोपाटा मार्ग के किलोमीटर एक पर 60 मीटर स्पान स्टील गर्डर पुल सहित अन्य पुलों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा बुंगीधार-मेहलचौरी-बछुवाबाण मोटर मार्ग के किलोमीटर एक पर 48 मीटर स्पान स्टील गर्डर पुल तथा देवालधार (दीवागाड़)-कंडारीखोड़ मोटर मार्ग के किलोमीटर तीन पर 30 मीटर स्पान स्टील गर्डर पुल सहित अन्य पुलों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इन पुलों की एप्रोच रोड का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि सभी पुलों को एंड टू एंड कनेक्टिविटी के साथ जल्द से जल्द संचालित करने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलों के साथ एप्रोच रोड का निर्माण भी प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुचारु और सुरक्षित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को पीसी वेरिएशन तथा अन्य तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं का नियमानुसार समाधान करते हुए सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और ग्रामीणों को आवागमन में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। बैठक में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित ब्रिज एंड रूफ कंपनी लिमिटेड के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *