प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित सुव्यवस्थित और सफल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने शुक्रवार को मुनिकीरेती और तपोवन क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग पार्किंग स्थलों तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद नगर पालिका सभागार मुनिकीरेती में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा स्वच्छता यातायात पेयजल स्वास्थ्य पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियों का विस्तृत जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जानकी पुल मुनिकीरेती तपोवन रामझूला पुल और बजरंग सेतु सहित प्रमुख कांवड़ यात्रा मार्गों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान रामझूला पुल को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। दोनों अधिकारियों ने पुलिस और एसडीआरएफ की तैनाती घाटों की सुरक्षा शौचालय पार्किंग तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए सभी घाटों पर सुरक्षा चेन लगाने गंगा के जलस्तर की लगातार निगरानी रखने आवश्यकता पड़ने पर समय रहते चेतावनी जारी करने तथा सभी ड्यूटी स्थलों पर कार्मिकों की अनिवार्य तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलों पर किसी भी प्रकार की क्षति होने पर तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने लक्ष्मण झूला जानकी सेतु और बजरंग सेतु पर समय से व्यू-कटर लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को पुलों पर रुककर फोटो और वीडियो बनाने से रोका जाए ताकि अनावश्यक भीड़ न लगे और आवागमन सुचारु बना रहे। उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग पर बैरिकेडिंग नियमित साफ-सफाई और प्रभावी यातायात व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए। संयुक्त निरीक्षण के दौरान ढालवाला चन्द्रभागा और मुनिकीरेती पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने सभी पार्किंग स्थलों पर विद्युत पेयजल शौचालय प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग शुल्क सूची प्रमुखता से प्रदर्शित करने तथा पार्किंग पर्ची पर पार्किंग स्थल का नाम और संपर्क नंबर अंकित करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बैरिकेडिंग सीसीटीवी कैमरे और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने नगर पालिका मुनिकीरेती को कांवड़ यात्रा मार्ग और पार्किंग स्थलों पर स्मार्ट टॉयलेट मोबाइल टॉयलेट और पिंक टॉयलेट की समुचित व्यवस्था करने तथा पूरे मेला क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर यात्रा मार्ग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित करने को कहा। भद्रकाली क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वहां स्थापित की जाने वाली एलईडी स्क्रीन को आई-लेवल पर लगाने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को यातायात रूट प्लान मौसम संबंधी जानकारी और अन्य आवश्यक सूचनाएं आसानी से मिल सकें। इस दौरान भद्रकाली में निर्माणाधीन पुलिस बैरक का भी निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने नगर पालिका को रैन बसेरा संचालित रखने प्रमुख स्थानों पर साइनेज लगाने खोया-पाया केंद्र स्थापित करने और चेंजिंग रूम की व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद नगर पालिका सभागार मुनिकीरेती में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को पूर्व वर्षों के अनुभवों के आधार पर यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी संबंधित विभागों को कंट्रोल रूम स्थापित कर चौबीसों घंटे कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित करने नियमित निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्थाओं की निगरानी रखने और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान करने को कहा। बैठक में कांवड़ मेला-2026 के सफल संचालन के लिए स्वच्छता विद्युत व्यवस्था यातायात एवं परिवहन प्रबंधन पेयजल आपूर्ति स्वास्थ्य सेवाएं खाद्य सुरक्षा होटल और ढाबों में साफ-सफाई रेट सूची का प्रदर्शन पार्किंग व्यवस्था तथा कानून व्यवस्था सहित विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग नगर पालिका मुनिकीरेती और नगर पंचायत तपोवन को मेला क्षेत्र में स्थित विद्युत पोल स्ट्रीट लाइट पोल और अन्य संरचनाओं की सुरक्षा जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा सभी विद्युत ट्रांसफार्मरों और टावरों की बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक विद्युत पोल का सुरक्षा ऑडिट कराने को भी कहा। सिंचाई विभाग को सभी घाटों पर सुरक्षा चेन लगाने और सुरक्षा उपकरणों की जांच करने वन विभाग को यात्रा मार्ग में बाधा बनने वाले पेड़ों की समयबद्ध छंटाई कराने तथा नीर वाटर फॉल को अस्थायी रूप से बंद रखने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला पूर्ति अधिकारी को पुलिस प्रशासन के साथ संयुक्त अभियान चलाकर होटल ढाबों और रेस्टोरेंटों का नियमित निरीक्षण करने तथा सभी स्थानों पर रेट सूची प्रदर्शित कराना सुनिश्चित करने को कहा गया। नगर निकायों को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा अग्निशमन विभाग को सभी उपकरण पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी को कांवड़ यात्रा मार्ग पर एंबुलेंस तैनाती के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने आवश्यक स्वास्थ्य शिविर स्थापित करने तथा पूरी यात्रा अवधि में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जो आश्रम और स्वयंसेवी संस्थाएं स्वास्थ्य शिविर लगाना चाहती हैं उनके साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल और अधिकारियों की तैनाती की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी प्रभावी भीड़ एवं यातायात प्रबंधन पार्किंग स्थलों और घाटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल की सक्रिय तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में पुलिस विभाग ने कांवड़ यात्रा के लिए तैयार किए गए यातायात प्रबंधन और ट्रैफिक प्लान की भी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.राम प्रकाश उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष चन्द्र घिल्डियाल जिला पर्यटन विकास अधिकारी एस.एस. राणा जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी पुलिस क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेन्द्र सिंह भण्डारी थाना प्रभारी मुनिकीरेती प्रदीप चौहान तपोवन एवं मुनिकीरेती के अधिशासी अधिकारी ऑटो रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष राजेश लांबा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
