प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी की ओर से स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के अंतर्गत 22 से 24 जुलाई तक आयोजित स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोट में तीन दिवसीय वृहद विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर निःशुल्क उपचार विभिन्न जांचों और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। तीन दिनों के दौरान कुल 556 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार और चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। इसके साथ ही एक्स-रे विभिन्न प्रकार की रक्त जांच ओरल कैंसर सर्वाइकल कैंसर और ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग मधुमेह और उच्च रक्तचाप की जांच गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। पात्र लाभार्थियों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाए गए। शिविर के दौरान जनरल फिजिशियन ने 193 मरीजों की जांच कर उपचार दिया। हड्डी रोग विशेषज्ञ ने 56 मरीजों का परीक्षण किया जबकि स्त्री रोग विशेषज्ञ ने 27 महिलाओं की जांच कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया। नेत्र रोग विशेषज्ञ ने 34 मरीजों तथा दंत रोग विशेषज्ञ ने 48 मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाइयां वितरित कीं। इसके अलावा 85 लोगों के रक्त के नमूनों की जांच की गई तथा 132 लोगों के टीबी की जांच के लिए एक्स-रे किए गए। शिविर में तीन पात्र लाभार्थियों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाए गए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान कर उचित उपचार उपलब्ध कराना है। शिविर के माध्यम से लोगों को विभिन्न रोगों की रोकथाम नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति भी जागरूक किया गया। शिविर के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.उपेंद्र पंवार जिला चिकित्सालय पौड़ी से स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.निहारिका बिष्ट हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ.अगमकांत डॉ. सोनाली जोशी राजदीप मनीषा रावत सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
