प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। नगर पालिका परिषद नई टिहरी एवं व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में अमर बलिदानी श्रीदेव सुमन की पुण्यतिथि पर सुमन पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों ने श्रीदेव सुमन के पैतृक गांव जौल से सुमन पार्क नई टिहरी तक आकर्षक झांकी निकाली जिसने उपस्थित लोगों को उनके संघर्ष और बलिदान की याद दिलाई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों अधिकारियों सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने अमर शहीद श्रीदेव सुमन की प्रतिमा पर मोमबत्तियां प्रज्वलित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय कलाकारों ने श्रीदेव सुमन द्वारा रचित गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर उनके संघर्ष त्याग और राष्ट्रप्रेम को जीवंत किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवा पीढ़ी को श्रीदेव सुमन के आदर्शों से प्रेरणा लेने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल ने कहा कि प्रत्येक शहर की अपनी एक ऐतिहासिक धरोहर होती है और श्रीदेव सुमन टिहरी की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि इस धरोहर के संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। उन्होंने व्यापार मंडल को प्रशासन की आंख कान और नाक बताते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही विकास कार्य प्रभावी ढंग से आगे बढ़ते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि सुमन पार्क शहर को नई ऊर्जा और जीवंतता प्रदान करता है। एकतरफा प्रयास कभी भी पूर्ण नहीं हो सकते इसलिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि हम श्रीदेव सुमन के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों का थोड़ा-सा भी अनुसरण अपने जीवन में करें, तो यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने पार्क की सुंदरता और गरिमा बनाए रखने को सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी बताया तथा कहा कि जिले में हुए विकास कार्य भी जनसहभागिता और लोगों के सहयोग का ही परिणाम हैं। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल ने स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नाट्य मंचन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा की।
