प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी जनगणना 2027 के द्वितीय चरण जनसंख्या गणना के सफल संचालन के लिए जनपद हरिद्वार में 12 13 एवं 14 अक्टूबर 2026 को जनपद के सभी फील्ड ट्रेनर्स को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण जनगणना कार्य निदेशालय गृह मंत्रालय भारत सरकार उत्तराखंड देहरादून के प्रतिनिधियों एवं मास्टर ट्रेनर्स की ओर से प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद फील्ड ट्रेनर्स जनगणना चार्जों में नियुक्त किए जाने वाले पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को प्रशिक्षित करेंगे। जनगणना 2027 कई दृष्टियों से ऐतिहासिक एवं विशेष होगी क्योंकि पहली बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया शत-प्रतिशत डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी। इस बार जनगणना का कार्य पूरी तरह मोबाइल एप्लिकेशन आधारित होगा। प्रगणक और पर्यवेक्षक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से आंकड़ों का संकलन करेंगे। इसके साथ ही जनगणना की शुरुआत से लेकर अंत तक संपूर्ण संचालन पर्यवेक्षण एवं प्रबंधन के लिए जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली सीएमएमएस पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। जनगणना की पूरी प्रक्रिया के संचालन और निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के कारण इस प्रणाली को जनगणना का मस्तिष्क कहा जा सकता है। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण जनसंख्या गणना का कार्य नवंबर 2026 से किए जाने का प्रस्ताव है। इस कार्य के सफल क्रियान्वयन में जमीनी स्तर पर चार्ज अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। शत-प्रतिशत डिजिटल प्रणाली लागू होने से आंकड़ों की गुणवत्ता सटीकता और त्वरित संकलन में उल्लेखनीय सुधार होने की अपेक्षा है। इससे जनगणना की प्रक्रिया को पिछली जनगणना की तुलना में अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने में सहायता मिलेगी। जनपद स्तर पर आयोजित इस प्रशिक्षण में जिला पंचायतीराज अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर मौ.मुस्तफा खान अपर सांख्यिकी अधिकारी एवं जनगणना प्रभारी उत्तम सिंह अपर सांख्यिकी अधिकारी मीना नेगी जनगणना कार्य निदेशालय देहरादून के सांख्यिकी अन्वेषक ग्रेड-द्वितीय अमीर आलम नीरज कुमार एवं शिवम कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
