Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर पंचायत पिरान कलियर क्षेत्र में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार शोभाराम प्रजापति ने की। राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति ने शिविर में अपने संबोधन में कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम प्रदेश सरकार की जनहितकारी पहल है। इसके माध्यम से सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ सरलता और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराना तथा उनकी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर में राजस्व ग्राम विकास शहरी विकास समाज कल्याण खाद्य एवं आपूर्ति महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास कृषि एवं कृषक कल्याण चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण पशुपालन डेयरी एवं मत्स्य कौशल विकास एवं सेवायोजन गृह आयुष श्रम तथा ऊर्जा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। शिविर में 25 विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए जिनके माध्यम से क्षेत्रवासियों को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। विभागीय अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। शिविर में कुल 11 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष छह शिकायतों एवं आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई और निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। शिविर में लगभग 450 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 117 पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत दिलाना उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना रहा। शिविर में संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं नोडल अधिकारी रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ तथा नगर पंचायत पिरान कलियर के अधिशासी अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधानसभा पिरान कलियर के संयोजक मुनीश सैनी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अफजाल अहमद नगर पंचायत अध्यक्ष समीना प्रतिनिधि सलीम प्रधान मंडल अध्यक्ष गौरव सैनी सहित नगर पंचायत के सभी सभासद मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *