Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने और जरूरी दस्तावेज तैयार करने के उद्देश्य से मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज सतपुली में विशेष परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से एलिम्को के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 167 लोगों का पंजीकरण किया गया जिनमें से 142 लाभार्थियों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिह्नित किया गया। शिविर में एडिप योजना के तहत 31 दिव्यांगजनों और राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत 111 वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिह्नित किया गया। लाभार्थियों की आवश्यकता के अनुसार परीक्षण करने के बाद पात्रता के आधार पर उन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। शिविर में दिव्यांगजनों के दस्तावेजों से संबंधित कार्य भी किए गए। इस दौरान 18 दिव्यांगता प्रमाणपत्र जारी किए गए जबकि 30 लोगों का यूडीआईडी कार्ड के लिए पंजीकरण किया गया। इससे पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ने और उनका लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। उपजिलाधिकारी रेखा आर्य ने कहा कि दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। ऐसे शिविरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को अपने क्षेत्र में ही परीक्षण पंजीकरण और जरूरी दस्तावेजों से संबंधित सुविधाएं मिलती हैं। उन्होंने कहा कि शिविर में चिह्नित लाभार्थियों को नियमानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी ताकि वे योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर द्वारीखाल ब्लॉक प्रमुख बीना राणा कल्जीखाल के खंड विकास अधिकारी चंद्रप्रकाश बलूनी द्वारीखाल के जयकृत बिष्ट सहायक समाज कल्याण अधिकारी राहुल राणा अंकित सिंह रावत अमरीश सैनी और एडीओ पंचायत अरुण रावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *