प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। ऊखीमठ क्षेत्र में मनसूना नदी पर स्थित पुलिया के नीचे शुक्रवार को एक 48 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर जिला आपदा प्रबंधन की टीम स्थानीय प्रशासन पुलिस और जिला आपदा त्वरित प्रतिक्रिया बल (डीडीआरएफ) मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को नदी से बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को भगत सिंह ने सूचना दी कि ऊखीमठ ग्रामीण बैंक के समीप मनसूना नदी की पुलिया के नीचे एक शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के निर्देश पर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने तत्काल डीडीआरएफ टीम तहसील प्रशासन और स्थानीय पुलिस को घटनास्थल के लिए रवाना किया। मौके पर पहुंची डीडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को नदी से बाहर निकाला। मृतक की पहचान ऊखीमठ तहसील के ग्राम मनसूना निवासी 48 वर्षीय नन्दन सिंह पंवार पुत्र स्वर्गीय इन्द्र सिंह पंवार के रूप में हुई। रेस्क्यू के बाद शव को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
