प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में जिला टेलीकॉम समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में दूरसंचार सेवाओं की वर्तमान स्थिति मोबाइल नेटवर्क विस्तार डिजिटल कनेक्टिविटी 4जी कवरेज तथा भारत नेट परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए संबंधित विभागों और दूरसंचार कंपनियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने बीएसएनएल सहित सभी दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों से कहा कि निर्माणाधीन और प्रस्तावित मोबाइल टावरों का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए ताकि जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में नेटवर्क कवरेज में प्रभावी सुधार हो सके। उन्होंने मोबाइल टावरों की कार्यक्षमता इंटरनेट स्पीड नेटवर्क रेंज कॉल गुणवत्ता और कवरेज से जुड़ी सभी तकनीकी समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद में संचालित मोबाइल टावरों की समीक्षा करते हुए उन क्षेत्रों का सर्वे कराने के निर्देश भी दिए जहां अतिरिक्त टावरों की आवश्यकता है। ऐसे स्थानों की विस्तृत सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने विभिन्न माध्यमों से प्राप्त नेटवर्क संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी दूरसंचार कंपनियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से लोंग सेगड़ी कुनीगाड़ ईराणी बिरही सहित अन्य गांवों और दुर्गम क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। भारत नेट परियोजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में 4जी कवरेज से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने भारत नेट के तहत हाई स्पीड ब्रॉडबैंड सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विद्यालयों आंगनबाड़ी केंद्रों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और पंचायत भवनों की सूची तैयार कर आईटीडीए को भेजने के निर्देश भी दिए ताकि इन संस्थानों को शीघ्र डिजिटल कनेक्टिविटी से जोड़ा जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में मजबूत डिजिटल नेटवर्क विकास की बुनियादी आवश्यकता बन चुका है। नेटवर्क की कमी के कारण शिक्षा स्वास्थ्य प्रशासनिक कार्यों ऑनलाइन सेवाओं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन में बाधाएं आती हैं। इसका सबसे अधिक असर दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों पर पड़ता है। उन्होंने सभी दूरसंचार कंपनियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नेटवर्क सेवाओं में तेजी से सुधार लाने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.अभिषेक गुप्ता ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर जयवीर नेगी अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार सहित बीएसएनएल एयरटेल जियो वीआई और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
