Spread the love

उद्योग मित्र बैठक में डीएम ने दिए सख़्त निर्देश

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में उद्योग मित्र की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में उन्होंने जिले में उद्यमिता से जुड़े विकास कार्यों को गंभीरता से लेने और निर्धारित समयसीमा में क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिये। बैठक में सहायक श्रमायुक्त,क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल,नगर आयुक्त कोटद्वार व सहायक आयुक्त राज्य कर कोटद्वार की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुये सभी से स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने ग्रोथ सेंटर सिगड्डी में सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिये महाप्रबंधक उद्योग को तत्काल डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिये गये।वहीं फूड,आयुर्वेदिक,फार्मा और अन्य औद्योगिक इकाइयों के लिए सेंपल चेकिंग लैब स्थापित करने हेतु डीपीआर तैयार कर 10 दिन के भीतर एक समिति गठित करने को भी कहा। जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित अवैध उद्यमों पर सख़्त रुख अपनाते हुये महाप्रबंधक उद्योग को निर्देश दिये कि ऐसे उद्यमों को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाय।साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि नोटिस जारी करने में हीलाहवाली पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जायेगी।मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत जिलाधिकारी ने महाप्रबंधक उद्योग को निर्देश दिये कि क्षेत्रीय सहायक प्रबंधक के सहयोग से ऐसे स्थलों की पहचान की जाय जहां स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल उद्यम स्थापित किये जा सकें, साथ ही इसकी रिपोर्ट 10 दिन के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।इसके अलावा उन्होंने सिडकुल क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर किये गये चालानों के जुर्माने की शीघ्र वसूली करने को कहा।बैठक में महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग,सहायक निदेशक उद्योग उपासना सिंह,सीटीओ गिरीश चंद्र,सीवीओ डॉ.विशाल शर्मा,सिडकुल मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन अध्यक्ष सुनील गुप्ता,सचिव विवेक सेमवाल,जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp