Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार में “हर घर तिरंगा 2026” अभियान 09 अगस्त से 17 अगस्त तक व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के तहत तिरंगा रैली तिरंगा संगीत कार्यक्रम स्वतंत्रता दिवस समारोह तिरंगा प्रदर्शनी तिरंगा साइकिल एवं ई-बाइक रैली राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता तिरंगा थीम आधारित रोशनी तिरंगा सेल्फी बूथ शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा आधारित गतिविधियां तथा व्यापक प्रचार-प्रसार जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि प्रत्येक नागरिक इस अभियान से जुड़ सके। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां भी संभव हो सरकारी भवनों बांधों पुलों सड़कों हवाई अड्डों रेलवे स्टेशनों बस टर्मिनलों अस्पतालों विद्यालयों बाजारों प्रमुख चौराहों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम आधारित रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया जाए। साथ ही अधिक भीड़भाड़ वाले प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम की भव्य रंगोलियां बनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगे से प्रेरित कला-कृतियों स्वतंत्रता सेनानियों के प्रेरक प्रसंगों तथा राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” के अंशों से दीवारों और परिसर को सजाने जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएं जिससे विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना विकसित हो। उन्होंने नगर निगमों नगर पालिकाओं नगर पंचायतों तथा सभी खंड विकास अधिकारियों सहित संबंधित विभागों को अभियान का व्यापक प्रचार राज्य सरकार की आधिकारिक वेबसाइट एवं विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को “हर घर तिरंगा” पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड कर डिजिटल अभियान में सहभागिता करने के लिए प्रेरित करने को कहा। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान आयोजित होने वाले प्रत्येक कार्यक्रम में अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और भारतीय ध्वज संहिता का पूर्ण पालन कराया जाए। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों स्थानीय निकायों औद्योगिक इकाइयों एवं अन्य विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के लिए कार्य करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि “हर घर तिरंगा 2026” अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं अभियान की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करें तथा हर घर तिरंगा पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड कर इस राष्ट्रीय जनअभियान का हिस्सा बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed