Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान लगातार हो रही भारी वर्षा के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा यातायात व्यवस्था एवं यात्रा संचालन का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर गुरुवार को नारसन बॉर्डर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली तथा यात्रा को सुरक्षित सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभी चेक पोस्टों, ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया। साथ ही विभिन्न स्टेकहोल्डर्स स्वयंसेवी संस्थाओं एवं गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) द्वारा कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए लगाए गए भंडारों एवं सेवा शिविरों का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं और प्रशासन एवं पुलिस के समन्वित प्रयासों से यात्रा सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने कांवड़ यात्रियों से संवाद करते हुए प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु केवल निर्धारित मार्गों का उपयोग करें यातायात नियमों का पालन करें तथा प्रशासन का सहयोग करें जिससे कांवड़ यात्रा सुरक्षित सुचारु एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार 10 फीट चौड़ाई और 12 फीट ऊंचाई से अधिक आकार की कांवड़ तथा मानकों के विपरीत संचालित डीजे को जनपद की सीमा में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। ऐसे सभी डीजे और कांवड़ को नारसन बॉर्डर से वापस लौटाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सीमा पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक वाहन एवं डीजे की निर्धारित मानकों के अनुरूप सघन जांच सुनिश्चित की जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुगम आवागमन और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल निकासी की प्रभावी एवं त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि आमजन और कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने नारसन बॉर्डर से हरिद्वार तक कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था यातायात प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी श्रद्धालुओं से संयम अनुशासन एवं प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए सुरक्षित और सफल कांवड़ यात्रा में सहयोग करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ तहसीलदार विकास अवस्थी अपर तहसीलदार रुड़की शुभांगिनी सहित पुलिस प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp