Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को अवैध हथियारों और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। इनमें से एक आरोपित सोशल मीडिया पर लोगों को खुलेआम धमकियां भी दे रहा था। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संदिग्ध व्यक्तियों वाहनों एवं सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक झबरेड़ा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 5 अगस्त 2026 को इकबालपुर-तांशीपुर रोड स्थित हीराहेड़ी मार्ग पर चेकिंग के दौरान शुभम और शिवम को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे तथा .315 बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शुभम पुत्र सुभाष कुमार निवासी भिस्तीपुर थाना झबरेड़ा जनपद हरिद्वार तथा शिवम पुत्र प्रताप निवासी ग्राम मझौल थाना देवबंद जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित शुभम के विरुद्ध हरिद्वार और सहारनपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास आर्म्स एक्ट एनडीपीएस एक्ट मारपीट धमकी तथा अन्य गंभीर धाराओं में कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो अवैध तमंचे और .315 बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियारों को कब्जे में लेकर दोनों आरोपितों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ मेले के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने वाले अवैध हथियार रखने वाले तथा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नीरज रावत मुख्य आरक्षी सुरेंद्र मुख्य आरक्षी गजपाल तथा आरक्षी नसीबुद्दीन शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *