प्रदीप कुमार
टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा में क्षेत्र पंचायत प्रमुख सुमन सजवाण की अध्यक्षता में गुरुवार को क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की उपस्थिति में क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। पेयजल सड़क पंचायत भवन स्वच्छता विद्युत खेल सुविधाएं सोलर लाइट पंचायत भवन निर्माण तथा अन्य जनहित से जुड़े प्रस्तावों पर विचार करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक किशोर उपाध्याय ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का स्वागत किया तथा अमर शहीद श्रीदेव सुमन और राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि चंबा ने प्रदेश को अनेक प्रेरणादायी उदाहरण दिए हैं और सबसे कम उम्र की क्षेत्र पंचायत प्रमुख का चुना जाना लोकतांत्रिक भागीदारी का सकारात्मक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि गांवों की स्वच्छता को लेकर उच्चतम न्यायालय भी गंभीर है। स्वच्छता केवल सरकार की नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। अस्वच्छता अनेक बीमारियों का कारण बनती है इसलिए सभी को मिलकर गांवों को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनप्रतिनिधि इस अभियान में प्रशासन को पूरा सहयोग देंगे। विधायक ने बताया कि ओएनजीसी की ओर से क्षेत्र में 2,000 सोलर लाइट उपलब्ध कराई जाएंगी जिनका वितरण चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र को ओबीसी घोषित किए जाने संबंधी सदन से पारित प्रस्ताव की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ जनप्रतिनिधियों को चुना है उसके अनुरूप पूरी प्रतिबद्धता और ईमानदारी से कार्य करना सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का टिहरी दौरा शीघ्र प्रस्तावित है और आने वाले समय में टिहरी देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बनाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मेडिकल कॉलेज टिहरी में ही स्थापित होगा जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है वे प्रपत्र-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं और पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की। इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय की विधायक निधि से 14 लाख रुपये की लागत से खरीदे गए कूड़ा निस्तारण वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस वाहन से क्षेत्र में सूखे और गीले कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सदन के सभी सदस्यों ने इस पहल का स्वागत किया। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और विकास संबंधी प्रस्ताव रखे। सदस्य क्षेत्र पंचायत सौन्दकोटी प्रवीण नेगी ने जल संस्थान की पेयजल टंकी की पाइपलाइन के लिए चैंबर निर्माण की मांग उठाई। सदस्य क्षेत्र पंचायत सुशील कुमार बहुगुणा ने रानीचौरी पंतनगर स्थित पुराने पेयजल टैंक एवं क्षतिग्रस्त पाइपलाइन से उत्पन्न पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। ग्राम प्रधान गुल्डी नीलम सजवाण ने धरासू रोड स्थित चंबा टनल के समीप तेज रफ्तार वाहनों के कारण ग्रामीणों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाते हुए वहां रंबल स्ट्रिप्स स्पीड ब्रेकर तथा सड़क के मध्य डिवाइडर लगाने की मांग की। ग्राम प्रधान डारगी मंजू नेगी ने युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा। ग्राम प्रधान स्यूटा छोटा दर्शनी भंडारी ने जर्जर विद्युत तारों को बदलने की मांग की। ग्राम प्रधान भंडारगांव प्रवीण सिंह भंडारी ने पंचायत भवन के सुदृढ़ीकरण तथा बैठक हॉल सहित आवश्यक सुविधाओं के विकास का प्रस्ताव रखा। ग्राम प्रधान गुनोगी सरोजनी देवी ने ग्राम पंचायत क्षेत्र में सोलर लाइटें लगाए जाने की मांग की जबकि सदस्य क्षेत्र पंचायत कुठ्ठा अंजना ने नवीन पंचायत भवन तथा इंटरलॉक टाइलयुक्त मार्ग निर्माण का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त वन विभाग श्रम विभाग लोक निर्माण विभाग जिला पंचायत यूरेडा तथा अन्य विभागों से जुड़े कई विकास प्रस्ताव भी बैठक में रखे गए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में प्राप्त सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए। बैठक में ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय मैठाणी कनिष्ठ उप प्रमुख सरोजनी मखलोगा जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत क्षेत्र पंचायत सदस्य ग्राम प्रधान जिला विकास अधिकारी मो.असलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
