Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए श्रीकोट गंगानाली क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज के निर्माणाधीन भवन की कार्यदायी संस्था के ठेकेदार के विरुद्ध 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाने की कार्रवाई कराई है। निर्माण सामग्री डालकर नाली अवरुद्ध करने तथा आसपास गंदगी फैलाने की शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। महापौर आरती भंडारी ने बताया कि स्थानीय लोगों की शिकायत मिलने पर संबंधित संस्था को कई बार नालियों की सफाई कराने और निर्माण सामग्री हटाने के निर्देश दिए गए थे लेकिन निर्देशों की लगातार अनदेखी की गई। इसके बाद उन्होंने स्वयं मौके का निरीक्षण किया जहां नाली निर्माण सामग्री से बंद मिली और आसपास गंदगी फैली हुई पाई गई। निरीक्षण में लापरवाही की पुष्टि होने पर महापौर ने नगर निगम की टीम को तत्काल संबंधित निर्माण एजेंसी के ठेकेदार के विरुद्ध 50 हजार रुपये का चालान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। महापौर ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति संस्था अथवा निर्माण एजेंसी को नालियां अवरुद्ध करने सार्वजनिक स्थानों पर निर्माण सामग्री या अन्य अनुपयोगी सामान डालकर गंदगी फैलाने अथवा स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य श्रीनगर को स्वच्छ सुंदर और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करना है। इसके लिए सभी नागरिकों संस्थाओं और निर्माण एजेंसियों का सहयोग आवश्यक है। यदि कोई भी व्यक्ति या संस्था स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करती है तो उसके विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी। महापौर आरती भंडारी ने नगरवासियों से भी स्वच्छ श्रीनगर अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि नागरिक शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए अपने सुझाव नगर निगम तक पहुंचाएं। जनसहभागिता से ही स्वच्छता अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है और शहर को बेहतर स्वरूप दिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp