Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में कांवड़ मेले का आयोजन सुख और शांति के साथ हो रहा है। पवित्र श्रावण मास से शुरू हुए कांवड़ मेले में करोड़ों शिवभक्त मां गंगा का पवित्र जल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। शिवभक्तों की भारी संख्या के बावजूद धामी सरकार के कुशल नियोजन से हर शिवभक्त की यात्रा बेहद सुगम और सुरक्षित बन रही है। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर के कुशल प्रशासनिक प्रबंधन में कांवड़ मेले का आयोजन दिव्य एवं भव्य रूप से हो रहा है। कांवड़ मेले में कई राज्यों से शिवभक्त हरिद्वार पहुंच रहे हैं और चारों ओर आस्था का सैलाब दिखाई दे रहा है। महादेव के प्रति शिवभक्तों की आस्था अद्भुत है। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करने से उन्हें बहुत ऊर्जा मिलती है। कांवड़ यात्रा के दौरान चारों ओर हर-हर महादेव की गूंज सुनाई दे रही है। गंगा किनारे से शिव के द्वार तक हर कदम पर भक्ति और हर सांस में महादेव का भाव दिखाई दे रहा है। सुनील सैनी ने कहा कि कांवड़ यात्रा पैरों की नहीं बल्कि आस्था की यात्रा है। कांवड़ सिर्फ जल नहीं लाती बल्कि पीढ़ियों के संस्कार लेकर चलती है। जब लाखों कंठों से बोल बम की गूंज सुनाई देती है और भगवा सड़कों पर चलता है तब सनातन की अनंत परंपरा का एहसास होता है। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने समस्त प्रदेशवासियों पर महादेव का आशीर्वाद बना रहने की कामना की। उन्होंने कहा कि हरिद्वार पहुंच रहे सभी शिवभक्तों की सुगम सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा के लिए भाजपा सरकार पूरी निष्ठा से समर्पित है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य शिविर स्वच्छ पेयजल सुदृढ़ यातायात एवं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले में की गई व्यवस्थाओं से शिवभक्त संतुष्ट हैं और हृदय से आशीर्वाद दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp