Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा बेस अस्पताल श्रीनगर की चिकित्सा व्यवस्थाओं को और बेहतर एवं मरीज हितैषी बनाने की दिशा में नवनियुक्त प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत ने शनिवार को अस्पताल का निरीक्षण किया। प्राचार्य के निरीक्षण का यह पहला दिन रहा जिसमें उन्होंने अस्पताल के विभिन्न ओपीडी कक्षों वार्डों एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों एवं चिकित्सकों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ.एएन पांडेय के साथ अस्पताल के विभिन्न ओपीडी कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी में मरीजों की आवाजाही बैठने की व्यवस्था चिकित्सकों के कक्षों तथा अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए ओपीडी कक्षों को मरीजों की सुविधा के अनुरूप सुव्यवस्थित किया जाना आवश्यक है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ.एएन पांडेय ने प्राचार्य को अस्पताल में संचालित विभिन्न ओपीडी एवं उनकी व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ओपीडी को और बेहतर तरीके से व्यवस्थित करने के लिए जल्द ही एक कार्ययोजना तैयार की जाएगी जिससे मरीजों को इलाज के दौरान बेहतर सुविधा एवं सुगमता मिल सके। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड गायनी वार्ड और मरीज सहायता केंद्र का भी जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं चिकित्सकीय सेवाओं तथा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मरीज सहायता केंद्र में आने वाले मरीजों एवं तीमारदारों को मिलने वाली सहायता के संबंध में भी उन्होंने जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा उन्होंने स्किन ओपीडी का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं मरीजों को प्रदान की जा रही चिकित्सा सेवाओं के बारे में जानकारी ली। प्राचार्य डॉ.रावत ने अस्पताल के अल्ट्रासाउंड केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में प्रतिदिन होने वाले अल्ट्रासाउंड मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधा तथा जांच से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से कार्यप्रणाली एवं मरीजों की सुविधा के संबंध में भी बातचीत की। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य ने अस्पताल के प्राइवेट वार्ड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेने के साथ ही दूसरे प्राइवेट वार्ड से संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सभी सुविधाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। प्राचार्य ने रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के चिकित्सकों से भी वार्ता की। उन्होंने विभाग में भर्ती एवं उपचार के लिए आने वाले मरीजों के बारे में जानकारी लेते हुए उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं की स्थिति जानी। प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत ने कहा कि बेस अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए अस्पताल की व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण किया जाएगा और जहां भी सुधार की आवश्यकता होगी वहां आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों एवं चिकित्सकों से मरीजों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर देखने और अस्पताल की व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ.एएन पांडेय ब्लड सेंटर के डॉ.सतीश कुमार चीफ फार्मासिस्ट राजेंद्र चौहान एसके भट्ट मनमोहन सिंधवाल सहित अस्पताल के चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। 11 अगस्त को भव्य तिरंगा रैली उसी दिन होगा पत्रकार संवाद कार्यक्रम। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत ने बताया कि 11 अगस्त को मेडिकल कॉलेज में तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा जिसे भव्य रूप देने के लिए तैयारियां पूरी की जा रही हैं। इसी दिन मेडिकल कॉलेज में पत्रकार संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकार संवाद कार्यक्रम के माध्यम से अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं उपचार व्यवस्था एवं मेडिकल कॉलेज की अन्य गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। प्राचार्य ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में अब हर माह पत्रकार संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य मेडिकल कॉलेज एवं बेस अस्पताल में हो रहे कार्यों और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज की ओर से हर माह न्यूज लेटर भी तैयार किया जाएगा। इसमें अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं मेडिकल शिक्षा शोध कार्यों सेमिनार एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी शामिल की जाएगी। न्यूज लेटर में मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों द्वारा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी। संबंधित विभागों के चिकित्सकों द्वारा किए जा रहे उपचार नई चिकित्सा सुविधाओं महत्वपूर्ण उपलब्धियों तथा मरीजों को मिल रहे लाभ से संबंधित जानकारी को भी इसमें प्रमुखता से शामिल किया जाएगा। प्राचार्य ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में होने वाली चिकित्सा शिक्षा और शोध गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाना जरूरी है ताकि आमजन को भी समुचित लाभ मिले।लोगों को संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की सही जानकारी भी मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *