प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। श्री नीलकंठ महादेव कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारु यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पौड़ी पुलिस द्वारा संपूर्ण नीलकंठ यात्रा क्षेत्र में 24 घंटे सतत निगरानी रखी जा रही है। सड़क मार्ग से लेकर पैदल पथ और मंदिर परिसर तक पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। संपूर्ण यात्रा क्षेत्र के सड़क मार्ग पैदल मार्ग एवं मंदिर परिसर में कुल 70 सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ ड्रोन के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है। कंट्रोल रूम से इन सभी गतिविधियों की 24 घंटे लगातार निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही मौके पर तैनात पुलिस जवानों एवं अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया गया है। पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ यातायात व्यवस्था पैदल मार्गों की स्थिति एवं किसी भी आकस्मिक परिस्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। स्थिति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई भी की जा रही है जिससे कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुचारु यात्रा व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।
