प्रदीप कुमार
देवप्रयाग-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। थाना देवप्रयाग क्षेत्र के कुंडाधार के निकट एक वाहन के गहरी खाई में गिरने की सूचना मिलने के बाद पुलिस एसडीआरएफ फायर तथा अन्य टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। विषम भौगोलिक परिस्थितियों करीब 500 मीटर गहरी खाई रात के अंधेरे और बारिश के बीच पुलिस तथा एसडीआरएफ के जवान पूरी रात रेस्क्यू अभियान में जुटे रहे। अभियान को आज सुबह 5:30 बजे पूरा किया गया। सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती जानकारी में पांच लोगों की मृत्यु की बात सामने आई थी लेकिन रेस्क्यू अभियान के दौरान एक और शव बरामद हुआ। इस तरह दुर्घटना में कुल छह लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने सभी छह शवों को गहरी खाई से बाहर निकाला। यह रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चलाया गया। घटनास्थल पर खाई में उतरने के लिए कोई सीधा मार्ग नहीं था और करीब 500 मीटर गहरी खाई से शवों को सड़क तक लाना था। इसके बावजूद पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने पूरी रात कठिन परिस्थितियों में डटे रहकर बचाव अभियान जारी रखा। रेस्क्यू अभियान में पुलिस एसडीआरएफ और फायर टीमों ने आपसी समन्वय के साथ कार्य किया। बाद में एसएसबी की टीम ने भी अभियान में सहयोग किया। स्थानीय नागरिक एवं ढाबा संचालक विक्रम सिंह की भी रेस्क्यू अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका रही। रेस्क्यू के बाद सभी छह शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किए गए। शवों को सरकारी शव वाहनों के माध्यम से उनके निवास स्थान भेजा गया। दुर्घटना में मृतकों की पहचान अफजल उम्र 49 वर्ष पुत्र अकबर सूफी निवासी रायपुर जीतपुर लक्सर जनपद हरिद्वार शब्बो उम्र 40 वर्ष पत्नी अफजल निवासी रायपुर जीतपुर लक्सर जनपद हरिद्वार अन्नाविया उम्र 3 वर्ष पुत्री अफजल निवासी रायपुर जीतपुर लक्सर जनपद हरिद्वार अमन उम्र 16 वर्ष पुत्र अफजल निवासी रायपुर जीतपुर लक्सर जनपद हरिद्वार गुफरान उम्र 34 वर्ष पुत्र अकबर सूफी निवासी रायपुर जीतपुर लक्सर जनपद हरिद्वार तथा अरमान उम्र 21 वर्ष पुत्र अफजल निवासी रायपुर जीतपुर लक्सर जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। अरमान के संबंध में बाद में जानकारी सामने आई थी।
