Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में चमोली पुलिस परिवार की ओर से प्रतिसार निरीक्षक आनंद सिंह रावत के एसडीआरएफ वाहिनी में शिविरपाल के पद पर स्थानांतरण होने पर गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। आनंद सिंह रावत पिछले तीन वर्ष तीन माह से जनपद चमोली में प्रतिसार निरीक्षक के पद पर कार्यरत रहे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अनुशासन नेतृत्व क्षमता कार्यकुशलता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए पुलिस बल के मनोबल और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार की उपस्थिति में आयोजित विदाई समारोह में जनपद के विभिन्न थानों एवं शाखाओं से पहुंचे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिसार निरीक्षक के कार्यों की सराहना की। इस दौरान उन्हें पुष्पमाला एवं स्मृति चिह्न भेंट कर नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि प्रतिसार निरीक्षक आनंद सिंह रावत ने अपने कार्यकाल में सदैव अनुशासन ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए प्रत्येक चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया। चारधाम यात्रा आपदा प्रबंधन गैरसैंण विधानसभा सत्र चुनाव अल्ट्रा मैराथन एवं अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों में उनका योगदान अत्यंत सराहनीय रहा। उन्होंने कहा कि आनंद सिंह रावत के कार्यकाल में पुलिस के कई नव निर्माण एवं विकास कार्य हुए तथा जनता के साथ बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित हुआ। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आनंद सिंह रावत अपनी नई तैनाती पर भी इसी समर्पण दक्षता एवं नेतृत्व क्षमता के साथ उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि चमोली पुलिस परिवार की शुभकामनाएं सदैव उनके साथ रहेंगी। अपने चमोली कार्यकाल के दौरान आनंद सिंह रावत ने चारधाम यात्रा विधानसभा सत्र निर्वाचन ड्यूटी आपदा प्रबंधन सहित अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का सफल नेतृत्व किया। उनके योगदान से पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने में मदद मिली। विदाई समारोह के दौरान प्रतिसार निरीक्षक आनंद सिंह रावत भावुक नजर आए। उन्होंने चमोली पुलिस परिवार से मिले स्नेह सहयोग एवं विश्वास के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनपद चमोली में बिताया गया समय उनके सेवा जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। यहां से प्राप्त अनुभव सहयोग और आत्मीयता उनके भावी दायित्वों के निर्वहन में सदैव प्रेरणा एवं मार्गदर्शन का कार्य करेंगे। समारोह के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आनंद सिंह रावत के उज्ज्वल भविष्य और सफल कार्यकाल की मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें आत्मीय भावनाओं के साथ विदाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp