Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पावन श्रावण मास में भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवभूमि चमोली पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा स्थानीय नागरिकों की सुविधा और शांतिपूर्ण यात्रा सुनिश्चित करने के लिए चमोली पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा मॉडिफाइड साइलेंसर ट्रिपल राइडिंग बिना हेलमेट और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बरती जा रही है। चमोली पुलिस सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उनकी सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए निरंतर सेवाएं दे रही है। इसी बीच सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से चमोली पुलिस को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि कुछ दोपहिया वाहन चालक मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर अनावश्यक शोर-शराबा कर रहे हैं। इसके साथ ही कुछ वाहन चालक बिना हेलमेट ट्रिपल राइडिंग और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। इससे स्थानीय नागरिकों अन्य यात्रियों और श्रद्धालुओं को असुविधा होने के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है। इन शिकायतों का पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जनपद के सभी थाना प्रभारियों को ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में चमोली पुलिस द्वारा विगत एक सप्ताह में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 43 चालान ट्रिपल राइडिंग पर 27 चालान और मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग करने पर 42 चालान किए हैं। पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से देवभूमि की गरिमा बनाए रखने सुरक्षित यात्रा करने और दूसरों की सुविधा का भी सम्मान करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि आस्था तभी सार्थक है जब यात्रा सुरक्षित और अनुशासित हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp