Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा अंतिम चरण में पहुंच गई है और लाखों की संख्या में शिवभक्त डाक कांवड़िये पवित्र गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर स्वयं जीरो ग्राउंड पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का लगातार जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में दोनों अधिकारियों ने मोतीचूर तक हाईवे का निरीक्षण कर डाक कांवड़ यात्रियों की बढ़ती भीड़ वाहनों की आवाजाही पार्किंग व्यवस्था एवं यातायात संचालन की स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि डाक कांवड़ यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पार्किंग स्थलों पर समुचित विद्युत व्यवस्था शौचालयों में साफ-सफाई तथा पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जाए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को हाईवे पर भारी वाहनों के दबाव को देखते हुए रात्रि में पर्याप्त विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बारिश के दृष्टिगत जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी के लिए समुचित प्रबंधन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। यातायात व्यवस्था को हर स्तर पर सुचारू बनाए रखा जाए। भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बढ़ती डाक कांवड़ियों की भीड़ को नियंत्रित करने एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डाक कांवड़ मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जाए और यातायात को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाए। इस दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शंकराचार्य चौक पर संचालित स्वास्थ्य कैंप का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां चिकित्सा उपचार करा रहे कांवड़ियों से उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मौजूद चिकित्सकों को निर्देश दिए कि किसी भी कारण से चोट लगने पर स्वास्थ्य कैंप में आने वाले शिवभक्तों का तत्परता से उपचार सुनिश्चित किया जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 5 अगस्त से भारी वाहनों एवं दोपहिया वाहनों का आवागमन निरंतर जारी है। यातायात के दबाव को देखते हुए भारी वाहनों को बैरागी कैंप एवं दक्ष द्वीप तथा दोपहिया वाहनों को गड्ढा पार्किंग दीनदयाल पार्किंग रोड़ीबेलवाला एवं पंतदीप पार्किंग में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थलों पर वाहनों के प्रवेश एवं निकासी को व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल सुरक्षा कर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में भी सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा यातायात का सुचारू संचालन भीड़ का प्रभावी प्रबंधन तथा पार्किंग व्यवस्था को हर हाल में व्यवस्थित रखा जाए। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में व्यवस्थाओं को सुगम सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की कि प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों यातायात एवं रूट डायवर्जन संबंधी निर्देशों का पालन करें तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहनों को पार्क करें। इससे कांवड़ यात्रा को सुगम सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराने में सभी का सहयोग मिल सकेगा। इस अवसर पर एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह अपर पुलिस अधीक्षक रेनू लोहानी क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp