प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। श्री नीलकंठ कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सहायता को पुलिस द्वारा सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस जवान हर परिस्थिति में श्रद्धालुओं की मदद के लिए पूरी मुस्तैदी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। इसी क्रम में श्री नीलकंठ कांवड़ यात्रा पर आए मेरठ के मोदीपुरम निवासी विजय कुमार की पैदल यात्रा मार्ग पर अचानक तबीयत बिगड़ गई। श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात रिक्रूट कांस्टेबल राजेश राणा ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल उनकी मदद की और उन्हें स्वास्थ्य केंद्र नीलकंठ पहुंचाया। स्वास्थ्य केंद्र पर श्रद्धालु का प्राथमिक उपचार कराया गया। समय पर चिकित्सा सहायता मिलने और पुलिस जवान की त्वरित कार्रवाई के बाद विजय कुमार की स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस जवान द्वारा दिखाई गई तत्परता से श्रद्धालु को समय रहते आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी। पुलिस टीम की ओर से मिली त्वरित सहायता के बाद श्रद्धालु के साथ आए साथी कांवड़ियों ने पुलिस एवं ड्यूटी पर तैनात जवान राजेश राणा का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस की ऐसी तत्परता श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
