Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व की सबसे बड़ी निरंतर चलने वाली कांवड़ यात्रा अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। डाक कांवड़ यात्रा के अंतिम दिनों में धर्मनगरी हरिद्वार में शिवभक्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। देश के कोने-कोने से श्रद्धालु पवित्र गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ के बीच उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा सुरक्षा एवं सुगम यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाओं की शिवभक्तों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है। कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था साफ-सफाई पेयजल स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यात्रा के अंतिम चरण में बढ़ती भीड़ के बावजूद व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। लुधियाना से कांवड़ यात्रा पर हरिद्वार पहुंचे शिवभक्त एडवोकेट मोहित अग्रवाल ने अपना यात्रा अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह हर वर्ष गंगाजल लेने हरिद्वार आते हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष उत्तराखंड सरकार की ओर से कांवड़ियों के लिए सभी व्यवस्थाएं अच्छी की गई हैं। उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेहतर व्यवस्थाओं के कारण कांवड़ियों की यात्रा सुखमय हो रही है। हरियाणा के करनाल से आए शिवभक्त संदीप कुमार ने बताया कि वह पिछले 10-15 वर्षों से लगातार कांवड़ लेने हरिद्वार आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष जिला प्रशासन और उत्तराखंड सरकार की ओर से जगह-जगह मेडिकल कैंप पेयजल शौचालय प्रकाश व्यवस्था और भोजन की बेहतर व्यवस्था की गई है। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का दिल से आभार व्यक्त किया। सहारनपुर से कांवड़ यात्रा पर आईं सोनिया ने कहा कि कांवड़ियों के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री की ओर से सभी व्यवस्थाएं ठीक ढंग से की गई हैं। उन्होंने बेहतर व्यवस्थाओं के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। सहारनपुर उत्तर प्रदेश से आए अनिकेत कुमार ने भी यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर जगह-जगह शौचालय पेयजल लंगर और प्रकाश की अच्छी व्यवस्था की गई है। इसके लिए उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया। अन्य कांवड़ यात्रियों ने भी कहा कि इस बार यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, सुरक्षा इंतजाम और पेयजल की सुविधा पहले की अपेक्षा काफी बेहतर दिखाई दे रही है। शिवमय हुई धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं के लिए आभार व्यक्त किया। श्रद्धालुओं का कहना है कि यात्रा के दौरान बेहतर प्रबंधन सुविधाओं और सेवाभाव के कारण उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं ने उनकी कांवड़ यात्रा को सुगम सुरक्षित और यादगार बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp