प्रदीप कुमार
लक्सर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली लक्सर पुलिस ने शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान की गुमशुदगी की गुत्थी सुलझाते हुए ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार कारोबार और पारिवारिक रंजिश को लेकर अंकित चौहान की हत्या की गई। हत्या के बाद शव को मोटरसाइकिल के साथ बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया गया। पुलिस ने मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपित मृतक के गांव के ही रहने वाले बताए गए हैं। मुख्य आरोपित अंकित चौहान उर्फ फौजी पूर्व में थाना खानपुर से हत्या के मामले में जेल जा चुका है। दिनांक 2-3 अगस्त 2026 की रात शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान अपनी मोटरसाइकिल से घर जा रहा था। रास्ते में अचानक वह गायब हो गया और उसका मोबाइल भी बंद हो गया। परिजनों की ओर से मामले की सूचना कोतवाली लक्सर पुलिस को दी गई जिस पर गुमशुदगी दर्ज की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर घटना के सफल अनावरण के लिए प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने घटना के विभिन्न पहलुओं पर बारीकी से जांच शुरू की। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही आसपास के मोबाइल टावरों की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। पुलिस ने मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से भी मृतक से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। विवेचना के दौरान पुलिस के सामने यह तथ्य आया कि गुमशुदा अंकित के गांव में रहने वाले सचिन मेहकार कुलवंत और अंकित उर्फ फौजी से उसकी पिछले कुछ समय से रंजिश चली आ रही थी। इस जानकारी के आधार पर कोतवाली लक्सर में मुकदमा पंजीकृत किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने चारों से बारीकी से पूछताछ की। पुलिस की सख्त पूछताछ में आरोपितों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि चारों ने मिलकर 2 अगस्त की रात अंकित चौहान की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शव को शिवपुरी गांव के पास बनी खुसरो की ठोकर से उसकी मोटरसाइकिल के साथ बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया गया था। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि मृतक अंकित काफी समय से उन्हें परेशान कर रहा था। वह ट्रैक्टर-ट्रॉली के खनन में उनकी मुखबिरी करके उन्हें पकड़वा दिया करता था जिससे उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हो रहा था। इसी वजह से चारों ने अंकित को रास्ते से हटाने का फैसला किया। 2 अगस्त की रात जब अंकित अपने घर लौट रहा था तो आरोपितों ने रास्ते में उसकी मोटरसाइकिल रोककर उसकी हत्या कर दी। आरोपितों की स्वीकारोक्ति के बाद पुलिस टीम उन्हें उनके बताए स्थान पर लेकर गई। शव और मोटरसाइकिल की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को गोताखोरों सहित मौके पर बुलाया गया। एसडीआरएफ के गोताखोरों ने अथक प्रयास करते हुए गंगा नदी में डूबे शव और मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस के प्रासंगिक प्रावधानों में वृद्धि की गई है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपितों में मुख्य आरोपित अंकित चौहान उर्फ फौजी पूर्व में थाना खानपुर से हत्या के मामले में जेल जा चुका है। बरामदगी मृतक का शव और मृतक की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपितों के नाम और पते सचिन पुत्र पवन निवासी शिवपुरी रायसी हरिद्वार मेहकार पुत्र पवन निवासी शिवपुरी रायसी हरिद्वार कुलवंत पुत्र कल्लू निवासी शिवपुरी रायसी हरिद्वार अंकित चौहान उर्फ फौजी पुत्र सुरेश पाल निवासी शिवपुरी रायसी हरिद्वार पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी एसएसआई नितिन चौहान चौकी प्रभारी रायसी राजीव उनियाल चौकी प्रभारी भीकमपुर यशवीर नेगी कांस्टेबल अरविंद कांस्टेबल ध्वजवीर कांस्टेबल हिमांशु चौधरी कांस्टेबल मुकेश कांस्टेबल अनूप पोखरियाल कांस्टेबल सुरेश हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह और हेड कांस्टेबल रविंद्र।
