प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जनपद रुद्रप्रयाग में 7 अगस्त से व्यापक एवं गहन अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य जनपद के नगर निकायों के साथ-साथ न्याय पंचायत क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करना स्वच्छता के प्रति आमजन को जागरूक करना तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करना है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों की विशेष टीम गठित की है। नामित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थलीय निरीक्षण करने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लेने तथा आमजन को नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तरीय अधिकारियों के लिए जारी रोस्टर के अंतिम दिन शुक्रवार को न्याय पंचायत चोपता में सूचना विभाग तथा गुप्तकाशी में जिला होम्योपैथिक विभाग की ओर से ग्राम प्रधानों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों को ठोस अपशिष्ट के प्रभावी प्रबंधन उसके उचित निस्तारण तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के संबंध में जानकारी दी गई। जागरूकता अभियान के दौरान ग्रामीणों को अपशिष्ट पदार्थों के विभिन्न प्रकारों की जानकारी देते हुए बताया गया कि कचरे को उसकी प्रकृति के अनुसार अलग-अलग एकत्रित करना और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उसका निस्तारण करना आवश्यक है। लोगों को अपने घरों एवं आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने तथा कूड़े को खुले में न फेंकने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के तहत लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग पूर्ण रूप से बंद करने प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े अथवा अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का प्रयोग करने तथा बाजार एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही ग्रामीणों को बताया गया कि ठोस अपशिष्ट को खुले में जलाने अथवा इधर-उधर फेंकने से पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बताया कि घर से ही कचरे का पृथक्करण किए जाने से उसके उचित निस्तारण एवं पुनर्चक्रण की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा सकता है। ग्रामीणों को विशेष रूप से गीला अवशिष्ट सूखा अवशिष्ट विशेष देखभाल अवशिष्ट एवं स्वच्छता अपशिष्ट को अलग-अलग रखने एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप उसका निस्तारण करने के लिए जागरूक किया गया। अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत केदारनाथ गुप्तकाशी ऊखीमठ अगस्त्यमुनि व तिलवाड़ा तथा नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग में भी अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थलों नालियों एवं आसपास की स्वच्छता व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने आमजन से अपील की है कि स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाएं घर से ही कचरे का पृथक्करण करें निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालें तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग पूर्ण रूप से बंद करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन के प्रयासों के साथ जनसहभागिता से ही स्वच्छ स्वस्थ एवं प्लास्टिक मुक्त रुद्रप्रयाग का निर्माण संभव है।
