प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को 105 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यालय उत्तराखंड स्तर से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली झबरेड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने 14 अगस्त 2026 को थाना क्षेत्र के ग्राम पांवटी के पास चेकिंग एवं सुरागरसी के दौरान चरस के धंधे में संलिप्त आरोपित सगीर पुत्र शेर अली निवासी ग्राम भलस्वागाज थाना झबरेड़ा जिला हरिद्वार को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 105 ग्राम चरस बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बरामदगी: 105 ग्राम चरस। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह उपनिरीक्षक अर्जुन कुमार कांस्टेबल बसंत कुमार और होमगार्ड अंकित शामिल रहे।
