प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में चल रहे एसआईआर कार्य के तीसरे चरण में दावों एवं आपत्तियों की प्रक्रिया का आयुक्त गढ़वाल मंडल आनन्द स्वरूप ने जायजा लिया। उन्होंने पन्नालाल भल्ला म्युनिसिपल इंटर कॉलेज तथा श्री मुनि मंडल संस्कृत महाविद्यालय कनखल के बूथों का निरीक्षण कर वहां चल रही प्रक्रिया एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने संबंधित बूथों पर तैनात एआरओ एवं बीएलओ से एसआईआर प्रक्रिया के तहत प्राप्त हो रहे दावों एवं आपत्तियों तथा उनके निस्तारण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। बूथ संख्या 55 पन्नालाल भल्ला म्युनिसिपल इंटर कॉलेज में तैनात एईआरओ ने आयुक्त को बताया कि नो मैपिंग के लिए 299 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं जिनमें से 117 लोगों की सुनवाई की जा चुकी है। वहीं विसंगतियों के संबंध में 100 लोगों को नोटिस जारी किए गए थे जिनका शत-प्रतिशत निस्तारण कर लिया गया है। इसी प्रकार बूथ संख्या 96 श्री मुनि मंडल संस्कृत महाविद्यालय कनखल में तैनात एईआरओ ने बताया कि नो मैपिंग के लिए 85 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं जिनमें से 42 मामलों में सुनवाई की जा चुकी है। वहीं विसंगतियों के संबंध में 210 लोगों को नोटिस जारी किए गए थे जिनकी शत-प्रतिशत सुनवाई कर निस्तारण किया जा चुका है। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनन्द स्वरूप ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर कार्य में पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ बिना किसी भेदभाव के कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि दावों एवं आपत्तियों से संबंधित प्रपत्रों की संवेदनशीलता के साथ जांच की जाए तथा पात्र व्यक्तियों के दावों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से नहीं हटना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी गंभीरता निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा। निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट हरि गिरि सहित एईआरओ बीएलओ एवं संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
