Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण से पूर्व देशभक्ति गीत वंदे मातरम् का गायन किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं वीर शहीदों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर किए जिसके कारण आज हम स्वतंत्रता का 80वां वर्ष मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा एवं ईमानदारी से करना चाहिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर निवास करने वाले व्यक्ति तक पहुंचाया जाए ताकि उसे विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि आमजन अपने कार्यों एवं समस्याओं को लेकर कार्यालय में आते हैं तो संबंधित अधिकारी एवं पटल सहायक उनकी समस्याओं एवं कार्यों का बिना किसी भेदभाव और स्वार्थ के तत्परता से निराकरण करें ताकि किसी भी व्यक्ति को अपने कार्य के लिए दोबारा कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों तथा राज्य आंदोलनकारियों को पुष्पमाला एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जितेंद्र रघुवंशी भारत भूषण विद्यालंकार वीरेंद्र गहलोत अर्जुन सिंह राणा आशिक कुमार चौहान कृष्ण गोपाल पंत सुनीता त्रिपाठी सरिता नेगी पंवार सेवानिवृत्त विंग कमांडर तथा राज्य आंदोलनकारी हयात सिंह रावत और जसवंत सिंह बिष्ट शामिल रहे। कांवड़ मेले के दौरान गंगा के तेज बहाव में बहने वाले श्रद्धालुओं का सफल रेस्क्यू कर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप सेंटर के ग्रुप लीडर सूबेदार कुलविंदर सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आनंदमई सेवा सदन इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। शानदार गायन प्रस्तुति के लिए छात्राओं को पुरस्कार भी वितरित किए गए। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कलेक्ट्रेट परिसर में लाल चंदन का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आपदा प्रबंधन एवं एकुम्स कंपनी के सहयोग से चंदन एवं गुलमोहर के 100 पौधे रोपित किए। पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया। इससे पूर्व जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कैंप कार्यालय में भी ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम का संचालन प्रशासनिक अधिकारी नवीन मोहन ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह एनडीआरएफ एवं पुलिस के जवान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उनके परिजन राज्य आंदोलनकारी कलेक्ट्रेट कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *