Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर श्रीनगर का ऐतिहासिक गोला बाजार देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। नगर निगम श्रीनगर की ओर से आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भव्य परेड और आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कर माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। तिरंगे से सजे गोला बाजार में सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। कार्यक्रम की शुरुआत नगर निगम कार्यालय में ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं की परेड गोला बाजार पहुंची। विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने अनुशासन और जोश के साथ कदमताल करते हुए शानदार मार्चपास्ट किया। नगर निगम की महापौर आरती भंडारी और नगर आयुक्त नुपुर वर्मा ने परेड की सलामी ली। परेड के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा गोला बाजार गूंज उठा। इस दौरान विद्यालयों की ओर से विभिन्न सामाजिक सांस्कृतिक और राष्ट्रभक्ति विषयों पर आधारित झांकियां भी प्रस्तुत की गईं। आकर्षक वेशभूषा और संदेशपरक प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान खींचा। स्कूली बच्चों के उत्साह और शानदार प्रस्तुतियों को देखकर उपस्थित लोगों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर महापौर आरती भंडारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का पर्व है। उन्होंने कहा कि बच्चों में देशभक्ति की भावना और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत परेड और झांकियां नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का संदेश देती हैं। महापौर आरती भंडारी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रीनगर को स्वच्छ सुंदर और विकसित शहर बनाने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले विद्यालयों छात्र-छात्राओं शिक्षकों निगम कर्मचारियों एवं शहरवासियों का आभार जताया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान गोला बाजार में पूरे दिन देशभक्ति का माहौल बना रहा और शहरवासियों ने उत्साह के साथ राष्ट्रीय पर्व का जश्न मनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *